खेल समाचार

RCB ने गुजरात टाइटंस को रौंदकर फाइनल में बनाई जगह, रजत पाटीदार की तूफानी पारी ने मचाया धमाल

RCB vs GT Qualifier Match Highlights RCB WIN 92 RUN

RCB vs GT Qualifier Match Highlights: आईपीएल 2026 के क्वालीफ़ायर-1 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात टाइटंस को 92 रन से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। बेंगलुरु के बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों ने कमाल का खेल दिखाया, जिसके सामने गुजरात की टीम पूरी तरह बेबस नजर आई। मैच में कप्तान रजत पाटीदार ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए ऐसी पारी खेली जिसने पूरे मुकाबले का रुख बदल दिया।

आरसीबी के बल्लेबाजों ने गुजरात के गेंदबाजों की उड़ाई धज्जियां

पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी की शुरुआत काफी तेज रही। वेंकटेश अय्यर ने आते ही आक्रामक अंदाज अपनाया और सिर्फ 7 गेंदों में 19 रन बना डाले। उन्होंने अपनी छोटी लेकिन तेज पारी में 3 चौके और 1 शानदार छक्का लगाया। इसके बाद विराट कोहली ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी की। विराट ने 25 गेंदों पर 43 रन बनाए जिसमें 5 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। उनका स्ट्राइक रेट 172 का रहा और उन्होंने टीम को मजबूत शुरुआत देने में अहम भूमिका निभाई।

देवदत्त पडिक्कल ने भी अच्छी बल्लेबाजी करते हुए 19 गेंदों पर 30 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके लगाए और रन गति को लगातार बनाए रखा। हालांकि असली तूफान कप्तान रजत पाटीदार ने खड़ा किया। पाटीदार ने गुजरात के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए केवल 33 गेंदों में नाबाद 93 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 5 चौके और 9 लंबे छक्के शामिल रहे। उनका स्ट्राइक रेट 281 से ज्यादा का रहा, जिसने स्टेडियम में मौजूद फैंस को झूमने पर मजबूर कर दिया।

ये भी देखे : RR vs SRH Eliminator IPL 2026: कौन करेगा क्वालीफायर-2 में एंट्री? पिच रिपोर्ट, प्लेइंग 11 और Dream11 टीम

कृणाल पांड्या और जितेश शर्मा ने दिया शानदार फिनिश

कृणाल पांड्या ने भी शानदार साथ निभाया और 28 गेंदों पर 43 रन बनाए। उन्होंने 5 चौके और 2 छक्के लगाए। आखिर में जितेश शर्मा ने सिर्फ 5 गेंदों में 15 रन बनाकर टीम को 254 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया। आरसीबी ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 254 रन बनाए,

गुजरात की गेंदबाजी पूरी तरह दबाव में नजर आई। जेसन होल्डर ने जरूर 2 विकेट लिए लेकिन उन्होंने 39 रन खर्च किए। कगिसो रबाडा ने भी 2 विकेट हासिल किए लेकिन उनके 4 ओवर में 54 रन पड़े। प्रसिद्ध कृष्णा को 1 विकेट मिला लेकिन वे भी काफी महंगे साबित हुए। राशिद खान जैसे अनुभवी गेंदबाज भी आरसीबी के बल्लेबाजों को रोक नहीं सके।

गुजरात टाइटंस की शुरुआत रही बेहद खराब

255 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत बेहद खराब रही। साई सुदर्शन 14 रन बनाकर आउट हो गए जबकि कप्तान शुभमन गिल सिर्फ 2 रन ही बना सके। जोस बटलर ने जरूर तेज शुरुआत की और 11 गेंदों में 29 रन बनाए, लेकिन उनका विकेट गिरते ही गुजरात की पारी बिखरने लगी।

निशांत सिंधु 5 रन बनाकर आउट हुए जबकि वॉशिंगटन सुंदर भी सिर्फ 8 रन ही बना सके। जेसन होल्डर खाता तक नहीं खोल पाए। एक समय गुजरात की टीम पूरी तरह संघर्ष करती नजर आई।

राहुल तेवतिया ने अकेले लड़ी लड़ाई

हालांकि राहुल तेवतिया ने अकेले मोर्चा संभालने की कोशिश की। उन्होंने 43 गेंदों पर 68 रन की शानदार पारी खेली जिसमें 8 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। लेकिन दूसरे छोर से उन्हें किसी बल्लेबाज का साथ नहीं मिला। राशिद खान ने 8 रन बनाए जबकि कगिसो रबाडा ने 9 रन की तेज पारी खेली। मोहम्मद सिराज भी बल्ले से कुछ खास नहीं कर सके।

पूरी गुजरात टीम 19.3 ओवर में 162 रन पर ऑलआउट हो गई और आरसीबी ने मुकाबला 92 रन से अपने नाम कर लिया।

आरसीबी की गेंदबाजी भी शानदार रही। जैकब डफी ने 4 ओवर में 39 रन देकर 3 बड़े विकेट हासिल किए। भुवनेश्वर कुमार ने अपनी शानदार लाइन लेंथ से बल्लेबाजों को परेशान किया और 2 विकेट झटके। रासिख सलाम डार ने भी 2 विकेट लेकर प्रभावित किया। कृणाल पांड्या ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 3.3 ओवर में सिर्फ 16 रन देकर 2 विकेट लिए। वहीं जोश हेजलवुड ने भी अहम विकेट निकाला।

फाइनल में पहुंची आरसीबी, अब ट्रॉफी पर नजर

इस बड़ी जीत के साथ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अब आईपीएल 2026 के फाइनल में पहुंच चुकी है। टीम का आत्मविश्वास इस समय सातवें आसमान पर है और बल्लेबाजों के साथ गेंदबाज भी शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। अब फैंस की नजरें फाइनल मुकाबले पर टिकी होंगी, जहां आरसीबी दूसरी बार ट्रॉफी जीतने का सपना पूरा करना चाहेगी।

ये भी देखे: IPL प्लेऑफ इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप 5 बल्लेबाज, धोनी-रैना का दबदबा कायम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *