GT vs CSK Highlights IPL 2026: चेन्नई सुपर किंग्स की टीम आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाएगी। सीजन के अपने आखिरी मुकाबले में सीएसके को गुजरात टाइटंस के खिलाफ 89 रनों से बड़ी हार का सामना करना पड़ा। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 229 रन बनाए।
जवाब में चेन्नई सुपर किंग्स की पूरी टीम 13.4 ओवर में 140 रन पर सिमट गई। इस हार के बाद सीएसके के 14 मैचों में सिर्फ 12 पॉइंट रह गए हैं और टीम टॉप-4 की रेस से बाहर हो गई है। दूसरी तरफ गुजरात टाइटंस के 18 पॉइंट हो गए हैं और टीम पॉइंट्स टेबल में मजबूत स्थिति में पहुंच गई है।
गिल और सुदर्शन ने फिर दिखाई दमदार बल्लेबाजी
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस को कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाज शुरुआत से ही आक्रामक नजर आए और सीएसके के गेंदबाजों को दबाव में रखा। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 125 रन की बड़ी साझेदारी हुई।
शुभमन गिल ने 37 गेंदों पर 64 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने अपनी इनिंग में 7 चौके और 3 छक्के लगाए। गिल का स्ट्राइक रेट 172 से ज्यादा रहा। वहीं साई सुदर्शन ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 53 गेंदों में 84 रन बनाए। उनकी पारी में 7 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। इस सीजन में सुदर्शन लगातार शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं और इस मैच के बाद उन्होंने ऑरेंज कैप की रेस में भी बढ़त बना ली।
जोस बटलर ने अंत में तेजी से बनाए रन
गिल और सुदर्शन के आउट होने के बाद जोस बटलर ने तेजी से रन बटोरे। बटलर ने सिर्फ 27 गेंदों में नाबाद 57 रन ठोक दिए। उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके और 4 लंबे छक्के लगाए। राहुल तेवतिया बिना खाता खोले रन आउट हो गए, जबकि वॉशिंगटन सुंदर ने 3 गेंदों में 7 रन बनाए।
सीएसके की गेंदबाजी इस मुकाबले में काफी कमजोर नजर आई। अंशुल कंबोज सबसे महंगे साबित हुए। उन्होंने 4 ओवर में 56 रन खर्च किए और सिर्फ 1 विकेट हासिल किया। स्पेंसर जॉनसन ने 4 ओवर में 47 रन देकर 1 विकेट लिया। हालांकि गुरजपनीत सिंह ने अच्छी गेंदबाजी की और 4 ओवर में सिर्फ 31 रन दिए, लेकिन उन्हें कोई विकेट नहीं मिला।
सीएसके ने पावरप्ले में गंवाए बड़े विकेट
230 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। पहली ही गेंद पर संजू सैमसन बिना खाता खोले मोहम्मद सिराज का शिकार बन गए। इसके बाद कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने कुछ बड़े शॉट लगाए और मैथ्यू शॉर्ट के साथ तेजी से रन बनाने की कोशिश की। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 29 रन जोड़े, लेकिन गायकवाड़ 7 गेंदों में 16 रन बनाकर आउट हो गए।
इसी ओवर में उर्विल पटेल भी बिना रन बनाए पवेलियन लौट गए। मैथ्यू शॉर्ट ने 14 गेंदों में 24 रन बनाए, लेकिन कागिसो रबाडा ने उन्हें आउट कर दिया। पावरप्ले के अंदर ही सीएसके ने अपने चार बड़े विकेट गंवा दिए थे और टीम पूरी तरह दबाव में आ गई थी।
शिवम दुबे ने खेली तूफानी पारी
एक समय सीएसके का स्कोर 63 रन पर 5 विकेट था। यहां से शिवम दुबे ने तेज बल्लेबाजी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की। दुबे ने सिर्फ 17 गेंदों में 47 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने 4 चौके और 4 छक्के लगाए। डेवाल्ड ब्रेविस ने 8 रन बनाए, जबकि अंशुल कंबोज ने 8 गेंदों में 19 रन की तेज पारी खेली।
हालांकि बाकी बल्लेबाज ज्यादा देर तक टिक नहीं सके और पूरी टीम 13.4 ओवर में 140 रन पर ऑलआउट हो गई। गुजरात टाइटंस की तरफ से मोहम्मद सिराज, कागिसो रबाडा और राशिद खान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट हासिल किए। तीनों गेंदबाजों के सामने सीएसके के बल्लेबाज पूरी तरह संघर्ष करते नजर आए।