India Bangladesh Series 2026 : बांग्लादेश के युवा एवं खेल राज्य मंत्री अमीनुल हक ने मंगलवार को कहा कि उनकी सरकार सितंबर 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम की मेजबानी को लेकर आशावादी है। उनका मानना है कि दोनों देशों के बीच पिछले कुछ समय से चले आ रहे तनाव को खेल कूटनीति (Sports Diplomacy) के जरिए कम किया जा सकता है।
इस साल की शुरुआत में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने घोषणा की थी कि भारत सितंबर 2026 में बांग्लादेश दौरे पर जाएगा, जहां दोनों टीमों के बीच 3 वनडे और 3 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज खेली जाएगी। यह दौरा पहले 2025 में प्रस्तावित था, लेकिन दोनों देशों के बीच कूटनीतिक तनाव के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था।
पिछले कुछ समय में भारत और बांग्लादेश के रिश्तों में आई तल्खी के चलते बांग्लादेश की तत्कालीन यूनुस सरकार ने भारत में आयोजित टी20 विश्व कप में सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए हिस्सा नहीं लिया था। इसके बाद भारत के बांग्लादेश दौरे को लेकर भी अनिश्चितता बनी हुई थी।
हालांकि, जुलाई की शुरुआत में बीसीबी ने भारत सीरीज के टीवी और मीडिया अधिकारों की बिक्री की प्रक्रिया शुरू कर संकेत दिया था कि दौरे की तैयारियां आगे बढ़ रही हैं। वहीं भारत के अगस्त महीने के श्रीलंका दौरे के कार्यक्रम में टी20 मुकाबलों को शामिल नहीं किए जाने से भी यह संभावना मजबूत हुई कि भारतीय टीम उसके बाद सीधे बांग्लादेश का दौरा कर सकती है।
बीसीबी ने यह भी स्पष्ट किया है कि भारत दौरे के दौरान जरूरत पड़ने पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
हालांकि, बाद में बीसीबी ने मीडिया अधिकारों की बिक्री प्रक्रिया को फिलहाल रोक दिया, जिससे एक बार फिर इस सीरीज को लेकर अटकलें तेज हो गईं।
ढाका में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अमीनुल हक ने कहा,
“वर्तमान सरकार खेल कूटनीति को सबसे अधिक महत्व दे रही है। क्रिकेट हमारे लिए सम्मान और गर्व का विषय है। हमने भारतीय दूतावास से बातचीत की है और वे भी हमारे संपर्क में हैं। सभी सितंबर में भारतीय टीम के बांग्लादेश आने का इंतजार कर रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा,
“मुझे उम्मीद है कि भारत के दौरे के बाद दोनों देशों के बीच पहले जो तनाव पैदा हुआ था, वह काफी हद तक खत्म होगा और खेलों के माध्यम से दोनों पड़ोसी देशों के रिश्ते और मजबूत होंगे।”
गौरतलब है कि इससे पहले बांग्लादेश के खेल मंत्रालय ने टी20 विश्व कप से हटने के फैसले की जांच के लिए एक समिति बनाई थी। इसके अलावा यह जांच भी शुरू की गई थी कि विश्व कप में हिस्सा नहीं लेना कहीं कूटनीतिक विफलता तो नहीं थी।
अब सभी की नजरें बीसीसीआई और बीसीबी की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं कि भारत का सितंबर 2026 का बांग्लादेश दौरा तय कार्यक्रम के अनुसार होता है या नहीं।
ये भी देखे : भारत के बांग्लादेश दौरे पर फिर अनिश्चितता, सीरीज के आयोजन पर नए सवाल

Niraj Yadav इस वेबसाइट के Founder और Content Writer हैं। ये अकेले ही वेबसाइट को मैनेज करते हैं और IPL, क्रिकेट न्यूज़, मैच हाइलाइट्स, पॉइंट्स टेबल और लेटेस्ट स्पोर्ट्स अपडेट्स पर कंटेंट लिखते हैं। इनका उद्देश्य क्रिकेट फैंस तक तेज, आसान और भरोसेमंद जानकारी पहुंचाना है।
