पाकिस्तान टेस्ट सीरीज से पहले इंग्लैंड को बड़ा झटका, जैकब बेथेल चोटिल होकर बाहर; पोप, कार्से और लॉरेंस की वापसी

England Test Squad vs Pakistan 2026 : इंग्लैंड को पाकिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले बड़ा झटका लगा है। युवा बल्लेबाज जैकब बेथेल घुटने की चोट के कारण पूरी टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। वहीं ओली पोप, ब्रायडन कार्से और डैन लॉरेंस की टेस्ट टीम में वापसी हुई है। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने पहले दो टेस्ट मैचों के लिए 16 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है।

जैकब बेथेल चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर

जैकब बेथेल को पिछले महीने भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान दाहिने घुटने में चोट लगी थी। इसी चोट के चलते वह पाकिस्तान के खिलाफ पूरी टेस्ट सीरीज नहीं खेल पाएंगे। उनकी जगह जॉर्डन कॉक्स को नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने का मौका मिलेगा।

दो साल बाद डैन लॉरेंस की टेस्ट टीम में वापसी

डैन लॉरेंस ने काउंटी चैंपियनशिप में सरे के लिए शानदार प्रदर्शन किया है। वह इस सीजन डिविजन-1 के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। इसी शानदार फॉर्म के दम पर करीब दो साल बाद उनकी टेस्ट टीम में वापसी हुई है। लॉरेंस के नंबर-6 पर बल्लेबाजी करने की संभावना है, जबकि जेमी स्मिथ नंबर-7 पर बल्लेबाजी करेंगे।

सैम कुक, ओली पोप और ब्रायडन कार्से की भी वापसी

तेज गेंदबाज सैम कुक को भी टीम में दोबारा शामिल किया गया है। उन्होंने पिछले साल जिम्बाब्वे के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था। वहीं ओली पोप और ब्रायडन कार्से भी पिछले एशेज दौरे के बाद पहली बार टेस्ट टीम में लौटे हैं। कार्से चोट के कारण टीम से बाहर थे, जबकि पोप को खराब बल्लेबाजी प्रदर्शन के चलते ड्रॉप किया गया था।

इन खिलाड़ियों को नहीं मिली जगह

  • बेन स्टोक्स – अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं।
  • जैकब बेथेल – चोट के कारण बाहर।
  • रेहान अहमद – टीम में जगह नहीं मिली।

जो रूट फिर संभालेंगे टेस्ट टीम की कप्तानी

पाकिस्तान के खिलाफ यह सीरीज इंग्लैंड के लिए नए दौर की शुरुआत होगी। जो रूट एक बार फिर फुल-टाइम टेस्ट कप्तान के रूप में टीम की कमान संभालेंगे। उन्होंने 2022 में कप्तानी छोड़ी थी।

हालांकि स्टीफन फ्लेमिंग को इंग्लैंड का नया टेस्ट कोच नियुक्त किया गया है, लेकिन वह इस साल के अंत में दक्षिण अफ्रीका दौरे से टीम के साथ जुड़ेंगे। पाकिस्तान सीरीज के लिए मार्कस ट्रेस्कोथिक अंतरिम मुख्य कोच की भूमिका निभाएंगे।

मार्कस नॉर्थ ने क्या कहा?

इंग्लैंड के राष्ट्रीय चयनकर्ता मार्कस नॉर्थ ने कहा कि टीम में युवा प्रतिभा और अनुभव का अच्छा संतुलन रखा गया है। उन्होंने डैन लॉरेंस की शानदार फॉर्म की तारीफ करते हुए कहा कि वह मिडिल ऑर्डर को मजबूती देंगे, जबकि जॉर्डन कॉक्स को बेथेल की जगह नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने का मौका मिलेगा।

पहले दो टेस्ट के लिए इंग्लैंड की टीम

जो रूट (कप्तान), जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, शोएब बशीर, हैरी ब्रूक, ब्रायडन कार्से, सैम कुक, जॉर्डन कॉक्स, बेन डकेट, मैथ्यू फिशर, एमिलियो गे, डैन लॉरेंस, ओली पोप, ओली रॉबिन्सन, जेमी स्मिथ और जोश टंग।

पाकिस्तान-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज का शेड्यूल

  • पहला टेस्ट – 19 अगस्त, हेडिंग्ले (लीड्स)
  • दूसरा टेस्ट – 27 अगस्त, लॉर्ड्स
  • तीसरा टेस्ट – 9 सितंबर, एजबेस्टन

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) अंक तालिका में फिलहाल इंग्लैंड सातवें और पाकिस्तान आठवें स्थान पर हैं। दोनों टीमें इस सीरीज में जीत दर्ज कर अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश करेंगी।

ये भी देखे : पाकिस्तान ने वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हराकर सीरीज 1-1 से बराबर की