खेल समाचार

NZ vs IRE: न्यूजीलैंड ने आयरलैंड को एक पारी और 79 रनों से रौंदा, रचिन-ब्लंडेल के शतक के बाद गेंदबाजों का कोहराम

Ireland vs New Zealand Only Test 2026 Result IRE vs NZ TEST Image Credit cricketireland.ie

Ireland vs New Zealand Only Test 2026 Result: न्यूजीलैंड और आयरलैंड के बीच खेले गए इकलौते टेस्ट मुकाबले में कीवी टीम ने मेजबान आयरलैंड को उनके ही घर में एक पारी और 79 रनों के विशाल अंतर से हरा दिया है। इस मुकाबले में न्यूजीलैंड की टीम हर विभाग में आयरलैंड पर पूरी तरह हावी नजर आई।

पहली पारी में रचिन रवींद्र और टॉम ब्लंडेल की शानदार शतकीय पारियों के दम पर न्यूजीलैंड ने विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में आयरलैंड की बल्लेबाजी दोनों पारियों में ताश के पत्तों की तरह बिखर गई।

न्यूजीलैंड के युवा गेंदबाज नाथन स्मिथ और ब्लेयर टिकनर ने अपनी आग उगलती गेंदों से आयरलैंड के बल्लेबाजों को क्रीज पर टिकने का कोई मौका नहीं दिया और अपनी टीम को एक शानदार जीत दिला दी।

न्यूजीलैंड की पहली पारी: रचिन रवींद्र और टॉम ब्लंडेल का शानदार शतक

मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। कप्तान टॉम लाथम बिना खाता खोले ही मार्क अडायर की गेंद पर बोल्ड हो गए, जिसके बाद डेवोन कॉनवे भी केवल 4 रन बनाकर चलते बने। शुरुआती झटकों के बाद दिग्गज बल्लेबाज केन विलियमसन ने पारी को संभाला। विलियमसन ने धैर्य दिखाते हुए 36 रनों की जुझारू पारी खेली और टीम को संकट से बाहर निकाला।

विलियमसन के आउट होने के बाद मैदान पर रचिन रवींद्र और टॉम ब्लंडेल का तूफान देखने को मिला। रचिन रवींद्र ने आयरलैंड के गेंदबाजों की क्लास लेते हुए 194 गेंदों में 121 रनों की बेहतरीन शतकीय पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 4 छक्का शामिल था। उनका बखूबी साथ अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज टॉम ब्लंडेल ने निभाया। ब्लंडेल ने मैराथन बल्लेबाजी करते हुए 292 गेंदों में 22 चौकों की बदौलत शानदार 186 रन बनाए।

इन दोनों के अलावा डीन फॉक्सक्रॉफ्ट ने भी निचले क्रम में शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 129 गेंदों में 6 चौकों और एक छक्का की मदद से 98 रन बनाए, हालांकि वह अपने शतक से महज 2 रन चूक गए।डैरिल मिचेल ने 1 रन और नाथन स्मिथ ने 17 रनों का योगदान दिया। इस तरह न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 119 ओवरों में 8 विकेट खोकर 490 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।

आयरलैंड की तरफ से गेंदबाजी में मार्क अडायर ने सबसे ज्यादा तीन विकेट चटकाए, जबकि थॉमस मेस, रूबेन विल्सन, लियाम मैकार्थी और हैरी टेक्टर को एक-एक सफलता मिली।

आयरलैंड की पहली पारी: नाथन स्मिथ की घातक गेंदबाजी, 179 रन पर सिमटी टीम

न्यूजीलैंड के 490 रनों के विशाल स्कोर के जवाब में पहली पारी में बल्लेबाजी करने उतरी आयरलैंड की शुरुआत बेहद शर्मनाक रही। सलामी बल्लेबाज स्टीफन डोहेनी बिना खाता खोले नाथन स्मिथ का पहला शिकार बने।

इसके बाद केड कारमाइकल भी शून्य पर आउट हो गए। कप्तान एंड्रयू बालबिरनी ने 13 रन बनाए लेकिन स्मिथ ने उन्हें भी बोल्ड कर पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। हैरी टेक्टर ने कुछ देर टिकने का प्रयास किया और 16 रन बनाए, लेकिन उन्हें जकारिया फॉल्क्स ने एलबीडब्ल्यू कर दिया। कर्टिस कैम्फर और लोरकन टकर तो अपना खाता तक नहीं खोल सके और दोनों को स्मिथ ने आउट किया।

एक समय आयरलैंड ने अपने 6 विकेट बेहद सस्ते में गंवा दिए थे और टीम पर जल्दी सिमटने का खतरा था। इसके बाद एंडी मैक्ब्राइन और मार्क अडायर ने मिलकर टीम को संभाला।

एंडी मैक्ब्राइन ने एक छोर थामकर शानदार बल्लेबाजी की और 105 गेंदों में नाबाद 73 रन बनाए। मार्क अडायर ने भी उनका अच्छा साथ देते हुए 86 गेंदों में 5 चौकों की बदौलत 40 रनों की पारी खेली। इन दोनों के अलावा थॉमस मेस ने 3 रन और लियाम मैकार्थी ने 1 रन बनाया। पूरी आयरलैंड की टीम पहली पारी में महज 45 ओवरों में 179 रनों पर ऑलआउट हो गई।

न्यूजीलैंड की तरफ से नाथन स्मिथ ने कहर बरपाते हुए 14 ओवर में 40 रन देकर 6 विकेट झटके। उनके अलावा जकारिया फॉल्क्स को एक विकेट, जबकि ब्लेयर टिकनर और बेन सियर्स को एक-दो विकेट मिला।

आयरलैंड की दूसरी पारी: फॉलोऑन में भी बिखरी बल्लेबाजी, ब्लेयर टिकनर का पंजा

पहली पारी में 311 रनों से पिछड़ने के बाद आयरलैंड को फॉलोऑन खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा। दूसरी पारी में आयरलैंड के बल्लेबाजों ने थोड़ा बेहतर जज्बा दिखाया लेकिन वे बड़ी साझेदारियां नहीं कर सके।

ओपनर स्टीफन डोहेनी ने इस बार संभलकर बल्लेबाजी की और 117 गेंदों में 57 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। वहीं कप्तान एंड्रयू बालबिरनी 14 रन बनाकर ब्लेयर टिकनर का शिकार बने।

इसके बाद केड कारमाइकल ने 6 रन और थॉमस मेस ने 5 रन बनाए। स्टार बल्लेबाज हैरी टेक्टर दूसरी पारी में भी फ्लॉप रहे और 15 गेंदों में केवल 2 रन ही बना सके। कर्टिस कैम्फर 4 रन बनाकर रिटायर्ड आउट हुए।

इसके बाद विकेटकीपर लोरकन टकर ने आक्रामक रुख अपनाया और तेजी से रन बटोरे। टकर ने मात्र 70 गेंदों में 8 चौकों और 1 छक्के की मदद से 50 रनों की तेज पारी खेली।

एंडी मैक्ब्राइन इस पारी में ज्यादा कमाल नहीं कर पाए और 13 रन बनाकर आउट हो गए। निचले क्रम में मार्क अडायर ने एक बार फिर अच्छी बल्लेबाजी की और 47 गेंदों में नाबाद 44 रन बनाए।

लियाम मैकार्थी ने 11 रन का योगदान दिया और वह रन आउट हो गए। रूबेन विल्सन आखिरी बल्लेबाज के रूप में 4 रन बनाकर आउट हुए और आयरलैंड की दूसरी पारी 63.2 ओवरों में 232 रनों पर सिमट गई।

न्यूजीलैंड की तरफ से दूसरी पारी में ब्लेयर टिकनर ने घातक गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। टिकनर ने शानदार स्पेल डालते हुए 17.2 ओवरों में 76 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए। उनके अलावा नाथन स्मिथ को दो विकेट मिले, जबकि जकारिया फॉल्क्स को एक सफलता हासिल हुई।

न्यूजीलैंड की शानदार और एकतरफा जीत

इस तरह न्यूजीलैंड की टीम ने इस इकलौते टेस्ट मैच को एक पारी और 79 रनों के विशाल अंतर से जीतकर अपने नाम कर लिया। कीवी टीम के लिए यह मुकाबला हर लिहाज से परफेक्ट साबित हुआ।

ये भी पढ़े :  IPL 2026 Final से पहले BCCI का बड़ा एक्शन! स्मार्ट चश्मों पर लगाया बैन, नियम तोड़ने पर मिलेगी कड़ी सजा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *