KKR vs LSG match results : आईपीएल 2026 का एक और रोंगटे खड़े कर देने वाला मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला गया। इस मैच में अंत तक यह कहना मुश्किल था कि बाजी किसके हाथ लगेगी, लेकिन आखिरी ओवरों के रोमांच में लखनऊ ने कोलकाता के मुंह से जीत छीन ली और 3 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
केकेआर की सधी हुई शुरुआत
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स की शुरुआत ठीक-ठाक रही। कप्तान अजिंक्य रहाणे ने अनुभवी खिलाड़ी की तरह खेलते हुए 24 गेंदों में 41 रनों की पारी खेली। हालांकि फिन एलेन (9) जल्दी पवेलियन लौट गए, लेकिन अंगकृष रघुवंशी (45) और कैमरून ग्रीन (32*) ने पारी को संभाला। आखिरी में रोवमैन पॉवेल ने 24 गेंदों में 39 रनों की तेज तर्रार पारी खेलकर टीम का स्कोर 20 ओवर में 181 रनों तक पहुंचा दिया। लखनऊ की तरफ से दिग्वेश सिंह राठी सबसे किफायती रहे, जिन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 25 रन देकर 1 विकेट लिया।
लखनऊ की पारी और खराब शुरुआत
182 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की शुरुआत बेहद खराब रही। मिचेल मार्श (15), एडेन मार्कराम (22) और कप्तान ऋषभ पंत (10) सस्ते में आउट होकर चलते बने। एक समय ऐसा लग रहा था कि लखनऊ यह मैच आसानी से हार जाएगी। निकोलस पूरन भी आज कुछ खास कमाल नहीं कर पाए और सिर्फ 13 रन बना सके।
बदोनी और मुकुल चौधरी का तूफान
जब लखनऊ की टीम मुश्किल में थी, तब आयुष बदोनी ने मोर्चा संभाला। बदोनी ने 34 गेंदों में 7 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 54 रनों की शानदार पारी खेली। लेकिन असली ट्विस्ट अभी बाकी था। मैच तब फंसा जब बदोनी आउट हुए, पर मुकुल चौधरी ने 27 गेंदों में नाबाद 54 रन ठोक कर केकेआर के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं। मुकुल की इस पारी में 2 चौके और 7 गगनचुंबी छक्के शामिल थे, जिसकी बदौलत लखनऊ ने आखिरी ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
कोलकाता की तरफ से सुनील नरेन ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 13 रन दिए, लेकिन बाकी गेंदबाजों ने रन लुटाए। अनुकूल रॉय और वैभव अरोड़ा ने 2-2 विकेट तो लिए, लेकिन मुकुल चौधरी की तूफानी बल्लेबाजी के सामने उनकी एक न चली।
ये भी देखे : गुवाहाटी में सजेगा महामुकाबला, क्या राजस्थान के रजवाड़ों को रोक पाएगी बेंगलुरु की टोली?